किआ ने भारत में अपनी दो सात-सीटर एमपीवी कैरेंस और कैरेंस क्लैविस के फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी वेरिएंट लॉन्च कर दिए हैं। इनकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12.12 लाख रुपये और 12.39 लाख रुपये है। कंपनी ने इन सीएनजी मॉडल को सोरेन्टो के भारत लॉन्च के साथ पेश किया है। इन दोनों मॉडल के सीएनजी वेरिएंट के साथ किआ ने अपने पावरट्रेन पोर्टफोलियो का विस्तार किया है। इनका फोकस ऐसे खरीदारों पर है, जो 7-सीटर एमपीवी में कम रनिंग कॉस्ट चाहते हैं।
वेरिएंट्स और कीमतें
किआ कैरेंस सीएनजी को सिर्फ प्रीमियम (O) ट्रिम में पेश किया गया है, जिसकी कीमत 12.12 लाख रुपये है। वहीं कैरेंस क्लैविस सीएनजी दो ट्रिम में उपलब्ध है। इसके एचटीई सीएनजी वेरिएंट की कीमत 12.39 लाख रुपये और एचटीई (ओ) सीएनजी की कीमत 13.35 लाख रुपये है।
विज्ञापन
दोनों मॉडल के सीएनजी वेरिएंट अपने पेट्रोल-मैनुअल पीयर की तुलना में एक लाख रुपये महंगे हैं। इस तरह किआ ने कैरेंस और कैरेंस क्लैविस के साथ 7-सीटर एमपीवी सेगमेंट में फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी का विकल्प जोड़ा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सिर्फ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स
सीएनजी मॉडल में पावर को 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के जरिए आगे भेजा जाता है। पेट्रोल वेरिएंट में मिलने वाले क्लचलेस मैनुअल यानी आईएमटी और डुअल-क्लच ऑटोमैटिक यानी डीसीटी गियरबॉक्स के विकल्प सीएनजी मॉडल में नहीं दिए गए हैं।
कंपनी ने अभी माइलेज नहीं बताया
हालांकि किआ के इन कारों को लॉन्च जरूर कर दिया गया हे, लेकिन कंपनी ने अभी इनके आधिकारिक सर्टिफाइड माइलेज फिगर जारी नहीं किया है। सीएनजी सिस्टम में मौजूदा पेट्रोल फ्यूल सिस्टम के साथ 60-लीटर टैंक को इंटीग्रेट किया गया है। इसमें फ्यूल-चेंज स्विच दिया गया है। इसके अलावा 4.2-इंच कलर TFT MID में CNG से जुड़ा डिस्टेंस-टू-इंप्थी लॉजिक भी दिया गया है।
बूट स्पेस हुआ कम
इसी के साथ फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी टैंक को दोनों मॉडल में बूट फ्लोर के नीचे लगाया गया है। इसका असर बूट स्पेस पर पड़ा है। तीनों रो का इस्तेमाल करने पर बूट कैपेसिटी 216 लीटर से घटकर 116 लीटर रह जाती है। हालांकि, कार में अंडरबॉडी-माउंटेड स्पेयर व्हील को पहले की तरह बरकरार रखा गया है।
सीएनजी के लिए सस्पेंशन और ब्रेक में बदलाव
सीएनजी सिस्टम के अतिरिक्त वजन और बदले हुए डायनामिक्स को संभालने के लिए किआ ने दोनों मॉडल के सस्पेंशन को रीट्यून किया है। इसके अलावा फ्रंट डिस्क ब्रेक को 16-इंच यूनिट्स में अपग्रेड किया गया है और कार में R16 व्हील्स लगाए गए हैं। ड्राइविंग के दौरान सीएनजी सिस्टम की वजह से प्रदर्शन पर असर कम करने के लिए इंजन को भी सीएनजी के हिसाब से रिकैलिब्रेट किया गया है।
पेट्रोल मॉडल जैसे ही रहेंगे बाकी फीचर्स
सीएनजी से जुड़े बदलावों को छोड़ दें तो दोनों मॉडल में दिए गए इक्विपमेंट लेवल संबंधित पेट्रोल वेरिएंट के लगभग समान हैं। यानी सीएनजी मॉडल में मुख्य बदलाव पावरट्रेन, फ्यूल सिस्टम और उससे जुड़े मैकेनिकल हिस्सों में किए गए हैं।
7-सीटर एमपीवी में किआ का नया सीएनजी विकल्प
-
कैरेंस और कैरेंस क्लेविस के सीएनजी मॉडल के साथ किआ ने अपने 7-सीटर एमपीवी पोर्टफोलियो में फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी विकल्प जोड़ दिया है।
-
कंपनी का फोकस ऐसे खरीदारों पर है, जो 7-सीटर एमपीवी की प्रैक्टिकैलिटी के साथ कम रनिंग कॉस्ट चाहते हैं। वहीं सीएनजी सिस्टम, अतिरिक्त वजन और बूट स्पेस में कमी को देखते हुए इन मॉडल में कई बदलाव भी किए गए हैं। इस तरह किआ ने सीएनजी एमपीवी सेगमेंट में एफिशिएंसी, प्रैक्टिकैलिटी और अपनी ब्रांड पोजिशनिंग के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है।
किन कारों से होगा मुकाबला?
सीएनजी एमपीवी सेगमेंट में किआ का मुकाबला मारुति सुजुकी और टोयोटा मॉडल से हो सकता है। इनकी तुलना करने पर मारुति अर्टिगा सीएनजी की कीमत 10.94 लाख रुपये से 12 लाख रुपये के बीच है। वहीं टाेयोटा रूमियन सीएनजी की कीमत 11.69 लाख रुपये और मारुति एक्सएल 6 सीएनजी की कीमत 12.61 लाख रुपये है। इस लॉन्च के साथ किआ भी उन कंपनियों में शामिल हो गई है, जो 7-सीटर एमपीवी सेगमेंट में फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी पावरट्रेन ऑफर कर रही हैं।