Amar Ujala Ltd

11/10/2026 | Press release | Distributed by Public on 11/09/2026 21:54

सोशल मीडिया सुरक्षा: इंस्टाग्राम पर बच्चे और किशोर खुद को वयस्क बताकर नहीं चला सकेंगे अकाउंट, एआई पकड़ेगा उम्र

सोशल मीडिया पर अपनी उम्र छिपाकर खुद को वयस्क बताने वाले बच्चों और किशोरों के लिए अब ऐसा करना आसान नहीं होगा। मेटा ने इंस्टाग्राम पर एआई की मदद से यूजर की उम्र का अनुमान लगाने वाली तकनीक का दायरा दुनियाभर में बढ़ाने का फैसला किया है। अब कोई किशोर खाता बनाते समय अपनी जन्मतिथि 18 साल से अधिक दर्ज करता है, तब भी कंपनी की तकनीक उसके व्यवहार और गतिविधियों से उसकी वास्तविक उम्र का अंदाजा लगा सकती है। इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा किशोरों को उम्र के हिसाब से सुरक्षा देना है।

मेटा के इस कदम से इंस्टाग्राम पर लाखों अतिरिक्त किशोर टीन अकाउंट की सुरक्षा के दायरे में आ सकते हैं। कंपनी के मुताबिक, उसकी एआई तकनीक ऐसे संकेतों की जांच करेगी, जिनसे पता चल सके कि कोई अकाउंट 13 से 17 साल के किशोर का है। अगर किसी खाते में वयस्क उम्र दर्ज है, लेकिन तकनीक को उसके किशोर होने का संदेह होता है तो उसे टीन अकाउंट की सुरक्षा में रखा जा सकता है। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब बच्चों और युवाओं पर सोशल मीडिया के प्रभाव को लेकर मेटा को अमेरिका में कई मुकदमों का सामना करना पड़ रहा है।

एआई कैसे पहचान करेगा कि अकाउंट चलाने वाला किशोर है?

मेटा की तकनीक किसी यूजर की ओर से दर्ज की गई जन्मतिथि पर ही निर्भर नहीं करेगी। यह प्रोफाइल में उपलब्ध जानकारी, पोस्ट, कमेंट और प्लेटफॉर्म पर उसकी दूसरी गतिविधियों से जुड़े संकेतों का विश्लेषण करेगी। इन जानकारियों के आधार पर एआई यह अनुमान लगाएगा कि अकाउंट चलाने वाला व्यक्ति किशोर है या वयस्क। अगर किसी यूजर ने खुद को वयस्क बताया है, लेकिन उसकी गतिविधियों से उसके 13 से 17 साल के बीच होने का संकेत मिलता है तो कंपनी उसके खाते पर टीन अकाउंट की सुरक्षा लागू कर सकती है। इससे उम्र गलत दर्ज करके सुरक्षा नियमों से बचना मुश्किल होगा।

टीन अकाउंट में किशोरों को कौन-सी सुरक्षा मिलेगी?

टीन अकाउंट में कई सुरक्षा उपाय पहले से जुड़े होते हैं। इनके जरिए यह तय किया जाता है कि किशोरों से कौन संपर्क कर सकता है और वे किस तरह की सामग्री देख सकते हैं। इसके अलावा ऐप पर उनके स्क्रीन टाइम यानी मोबाइल पर बिताए जाने वाले समय को लेकर भी सीमाएं तय की जाती हैं। ये सुरक्षा व्यवस्थाएं अपने आप काम करती हैं। इंस्टाग्राम के साथ फेसबुक और मैसेंजर पर भी टीन अकाउंट से जुड़े सुरक्षा उपाय उपलब्ध हैं। मेटा का कहना है कि एआई तकनीक के विस्तार से ऐसे और किशोरों को इन सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा, जो अपनी उम्र गलत दर्ज करके सामान्य अकाउंट चला रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया में एप्पल की तकनीक से कैसे मिलेगी मदद?

मेटा ने उम्र का पता लगाने के लिए एआई के अलावा एक और तरीका अपनाया है। कंपनी ने ऑस्ट्रेलिया में एप्पल के एज-रेंज सिग्नल का इस्तेमाल शुरू किया है। इसके तहत माता-पिता अपने बच्चे के डिवाइस में यह सुविधा चालू करते हैं तो एप्पल ऐप बनाने वाली कंपनियों को यूजर की उम्र का दायरा बता सकता है। इससे हर व्यक्ति से सरकारी पहचान पत्र मांगने की जरूरत कम हो सकती है। हालांकि, यह सुविधा ऐप स्टोर और ऐप बनाने वाली कंपनियों के लिए वैकल्पिक है।

माता-पिता को कब मिलेगी नई व्यवस्था की जानकारी?

मेटा ने बताया कि इसी महीने से अमेरिका में माता-पिता को संदेश भेजे जाने शुरू होंगे। इन संदेशों में उन्हें समझाया जाएगा कि किशोरों को उनकी उम्र के अनुसार सुरक्षा के दायरे में कैसे रखा जा रहा है। कंपनी 13 साल से कम उम्र के उन बच्चों की पहचान करने वाली तकनीक को भी बेहतर बनाने पर काम कर रही है, जो न्यूनतम उम्र की शर्त पूरी किए बिना उसके ऐप इस्तेमाल कर रहे हैं। कंपनी ने अमेरिका के 52 अटॉर्नी जनरल के साथ भी किशोरों और 13 साल से कम उम्र के बच्चों की सुरक्षा बेहतर करने के लिए समझौता किया है।

क्या एआई से उम्र का अनुमान लगाने में कोई चुनौती नहीं होगी?

मेटा इस तकनीक को फेसबुक और थ्रेड्स तक भी बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी का दावा है कि इससे कम उम्र के यूजर्स को बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी। हालांकि, एआई के जरिए उम्र का अनुमान लगाने से कुछ सवाल भी उठते हैं। तकनीक कितनी सही उम्र पहचान पाएगी, गलत अनुमान लगने पर क्या होगा और यूजर की निजी जानकारी कितनी सुरक्षित रहेगी, ये अहम मुद्दे हैं। मेटा का कहना है कि वह सुरक्षा व्यवस्था का विस्तार कर रही है, लेकिन इस तकनीक की सटीकता और गोपनीयता को लेकर उठने वाले सवालों पर भी ध्यान देना जरूरी होगा।

Amar Ujala Ltd published this content on November 10, 2026, and is solely responsible for the information contained herein. Distributed via Public Technologies (PUBT), unedited and unaltered, on November 10, 2026 at 03:54 UTC. If you believe the information included in the content is inaccurate or outdated and requires editing or removal, please contact us at [email protected]