Ministry of Heavy Industries of the Republic of India

02/18/2026 | Press release | Distributed by Public on 02/18/2026 05:02

6 करोड़ ‘लखपति दीदी’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने दिए युद्धस्तर पर कार्य के निर्देश

ग्रामीण विकास मंत्रालय

6 करोड़ 'लखपति दीदी' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने दिए युद्धस्तर पर कार्य के निर्देश


10 करोड़ दीदियों को वित्तीय समावेशन से जोड़ने की कार्ययोजना बनेगी- केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री

लखपति दीदियों को ग्रामीण विकास मंत्रालय की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिले इसके लिए सरकार संकल्पित- श्री शिवराज सिंह चौहान

प्रविष्टि तिथि: 18 FEB 2026 4:28PM by PIB Delhi

केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में ग्रामीण विकास मंत्रालय से संबंधित दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन(DAY-NRLM) पर एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में केंद्रीय मंत्री ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से योजना की अद्यतन प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। योजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए श्री चौहान ने अधिकारियों को'लखपति दीदी' के नए लक्ष्य6 करोड़ को प्राप्त करने के लिए विशेष रणनीति बनाकर युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि6 करोड़ लखपति दीदी के लक्ष्य को हासिल करने के लिए10 करोड़ दीदियों को ग्रामीण विकास मंत्रालय की विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं से जोड़ना होगा। उन्होंने अधिकारियों को राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर लक्ष्य पूर्ति के लिए ठोस कार्ययोजना पर कार्य करने का निर्देश दिया।

श्री चौहान ने यह भी निर्देश दिया कि मिशन के तहत आवंटित बजट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। जिन राज्यों का प्रदर्शन आशानुकूल नहीं है अथवा आवंटित राशि का पूर्ण व्यय नहीं हो पा रहा है, उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान किया जाए, ताकि योजना के उद्देश्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित हो सके।

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राज्यों के साथ सतत संवाद और समन्वय के माध्यम से योजना की प्रगति को सुदृढ़ किया जाए, जिससे अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों(Self Help Groups) और लखपति दीदियों को योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।

उल्लेखनीय है कि दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन चार प्रमुख घटकों पर कार्य करता है जिनमें- संस्थागत निर्माण एवं क्षमता विकास, सामाजिक समावेशन एवं सामाजिक विकास, वित्तीय समावेशन तथा आजीविका संवर्धन शामिल हैं।

मिशन के अंतर्गत बैंक लिंकेज कार्यक्रम के माध्यम से अब तक लगभग1.5 लाख करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता लाभार्थियों तक पहुंचाई गई है। इसके अतिरिक्त5 करोड़ लोगों को वित्तीय साक्षरता से जोड़ा गया है तथा7 करोड़ लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत बीमा का लाभ प्रदान किया गया है।

*****

आरसी/एमएस


(रिलीज़ आईडी: 2229641) आगंतुक पटल : 7
Ministry of Heavy Industries of the Republic of India published this content on February 18, 2026, and is solely responsible for the information contained herein. Distributed via Public Technologies (PUBT), unedited and unaltered, on February 18, 2026 at 11:02 UTC. If you believe the information included in the content is inaccurate or outdated and requires editing or removal, please contact us at [email protected]