Prime Minister’s Office of India

02/27/2026 | Press release | Distributed by Public on 02/27/2026 05:48

प्रधानमंत्री 28 फरवरी को राजस्थान का दौरा करेंगे

प्रधानमंत्री कार्यालय

प्रधानमंत्री 28 फरवरी को राजस्थान का दौरा करेंगे


प्रधानमंत्री सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए 14 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान आरंभ करेंगे

प्रधानमंत्री अजमेर में 16,680 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे

इन परियोजनाओं में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़कें, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक अवसंरचना सहित प्रमुख सेक्‍टर शामिल

प्रधानमंत्री राजस्थान में सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त युवाओं को 21,800 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे

प्रविष्टि तिथि: 27 FEB 2026 3:35PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी 28 फरवरी 2026 को राजस्थान के अजमेर का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री सुबह लगभग 11:30 बजे, 16,680 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। ये परियोजनाएं शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़कें, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक अवसंरचना सहित प्रमुख क्षेत्रों को कवर करती हैं।

निवारक स्वास्थ्य देखभाल को सुदृढ़ करने और महिलाओं के कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, प्रधानमंत्री 14 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण हेतु राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस पहल का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर को रोकना है, जो महिलाओं में कैंसर संबंधी रुग्णता के प्रमुख कारणों में से एक है और यह देश भर में लड़कियों और महिलाओं के दीर्घकालिक स्वास्थ्य की सुरक्षा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

प्रधानमंत्री सड़क संपर्क को बढ़ावा देते हुए, कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें बांदीकुई से जयपुर तक 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, अमृतसर-जामनगर आर्थिक कॉरिडोर के पैकेज 7 खंड में 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीन हाईवे और दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज 14 खंड में 8-लेन कैरिजवे आदि शामिल हैं। वह जोधपुर शहर में 4-लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में मालबमोरी-मंगरोल-बारां राज्य राजमार्ग की आधारशिला भी रखेंगे।

सभी के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री नोनेरा प्रमुख पेयजल परियोजना के चार पैकेजों और परवान अकावाद प्रमुख पेयजल परियोजना के पांच पैकेजों की आधारशिला रखेंगे।

राजस्थान में नवीकरणीय ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत करने और उत्पादन केंद्रों से निर्बाध पारेषण सुनिश्चित करने के लिए, प्रधानमंत्री राजस्थान के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों (आरईजेड) से बिजली निकासी हेतु ट्रांसमि‍शन प्रणालियों का उद्घाटन करेंगे। वह पांच 220 केवी ग्रिड सबस्टेशन और दो 400 केवी ग्रिड सबस्टेशन के साथ-साथ संबंधित ट्रांसमि‍शन लाइनों की आधारशिला भी रखेंगे।

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए, राजस्थान में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त युवाओं को 21,800 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।

****

पीके/केसी/एसकेजे/ओपी


(रिलीज़ आईडी: 2233554) आगंतुक पटल : 47
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Kannada
Prime Minister’s Office of India published this content on February 27, 2026, and is solely responsible for the information contained herein. Distributed via Public Technologies (PUBT), unedited and unaltered, on February 27, 2026 at 11:48 UTC. If you believe the information included in the content is inaccurate or outdated and requires editing or removal, please contact us at [email protected]