03/10/2026 | Press release | Distributed by Public on 03/10/2026 07:32
आज विभिन्न पेंशनभोगी संघों के प्रतिनिधियों के साथ एक संवादात्मक बैठक में, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने राष्ट्र निर्माण में वरिष्ठ नागरिकों की निरंतर भागीदारी की सराहना की।
मंत्री महोदय आज नई दिल्ली में स्वैच्छिक एजेंसियों की स्थायी समिति (एससीओवीए) की 35वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। यह विभाग पेंशन नीतियों के निर्माण और पेंशनभोगियों की शिकायतों के निवारण के लिए भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय करता है, ताकि केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों के लिए गरिमा और सुगम जीवन सुनिश्चित किया जा सके। यह विभाग देश भर में लाखों पेंशनभोगियों का प्रतिनिधित्व करने वाले पेंशनभोगी कल्याण संघों के साथ भी घनिष्ठ रूप से जुड़ा हुआ है, ताकि कल्याणकारी उपायों की सिफारिश करने में सहभागी परामर्श सुनिश्चित किया जा सके।
स्वैच्छिक एजेंसियों की स्थायी समिति (एससीओवीए) का गठन 1986 में पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग द्वारा सरकार और पेंशनभोगी कल्याण संघों के बीच समन्वय को संस्थागत रूप देने के लिए किया गया था। यह समिति कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री की अध्यक्षता में कार्य करती है, और पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के सचिव इसके सचिव हैं।
एससीओवीए में पेंशनभोगी कल्याण संघों का प्रतिनिधित्व करने वाले 15 गैर-सरकारी सदस्य और भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के सरकारी सदस्य शामिल हैं। यह पेंशनभोगी संघों को रचनात्मक विचार-विमर्श के माध्यम से पेंशनभोगियों के कल्याण से संबंधित मुद्दों को सीधे संबंधित मंत्रालयों और विभागों के समक्ष उठाने के लिए एक संस्थागत मंच प्रदान करता है।
इस बैठक में दिल्ली, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, जम्मू और कश्मीर, ओडिशा, असम, झारखंड, उत्तराखंड, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और गुजरात के पेंशनभोगी कल्याण संघों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, रक्षा लेखा नियंत्रक जनरल, व्यय विभाग, रेल मंत्रालय, संचार लेखा नियंत्रक जनरल, वित्तीय सेवा विभाग, पूर्व सैनिक कल्याण विभाग, राजस्व विभाग और दूरसंचार विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया और पेंशनभोगियों के कल्याण और शिकायत निवारण से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर प्रकाश डालते हुए, डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि उनके अनुभव और सुझाव शासन व्यवस्था में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने पेंशनभोगी संघों को शिकायतों से परे सुझाव साझा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया ताकि नीतियों और सेवाओं को और मजबूत किया जा सके।
इस बैठक से सरकार और पेंशनभोगी संघों के बीच समन्वय को और मजबूत करने तथा केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में योगदान मिलने की उम्मीद है।
****
पीके/केसी/एसकेएस/एसके