Amar Ujala Ltd

08/03/2026 | Press release | Distributed by Public on 08/02/2026 17:45

Top News: CWG का ग्लास्गो में समापन; ईरान और अमेरिका के बीच फिर बढ़ा तनाव; पाकिस्तान में धमाके में कई मौतें

आज सोमवार, 03 अगस्त 2026 की सुबह देश-दुनिया की बड़ी और हलचल भरी खबरों के साथ आपका अमर उजाला हाजिर है। देश-दुनिया में आज कई बड़ी घटनाएं सुर्खियों में रहीं। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 का समापन भारत के शानदार प्रदर्शन के साथ हुआ, जहां देश के पदकों और समापन समारोह की खास झलकियां चर्चा में रहीं। वहीं पश्चिम एशिया में होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव फिर बढ़ गया है और ट्रंप के दावों पर ईरान ने पलटवार करते हुए ओमान के साथ बातचीत को अंतिम दौर में बताया है। दूसरी ओर पाकिस्तान में शांति रैली के दौरान हुए आत्मघाती हमले में 14 लोगों की मौत और कई लोग घायल हो गए। देश में एनटीए को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है कि नौ साल बाद भी उसका एक भी स्थायी परीक्षा केंद्र नहीं बन पाया और व्यवस्था अब भी किराये के भरोसे चल रही है। उधर मध्य प्रदेश में दतिया उपचुनाव के नतीजों से पहले कांग्रेस ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर बड़ा सियासी संदेश दिया। देश-दुनिया की ये सभी बड़ी खबरें विस्तार से पढ़ें एक जगह और एक ही क्लिक में...

राष्ट्रमंडल खेल 2026 का समापन, अब 2030 में भारत करेगा मेजबानी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स - एजेंसी

CWG 2026: ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल समाप्त, समारोह में क्या रहा खास?
ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का अभियान समाप्त हो गया है। भारत ने इन खेलों में 13 स्वर्ण, 17 रजत और नौ कांस्य पदकों के साथ कुल 39 पदक अपने नाम किए। भारत ने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और कनाडा के बाद चौथा स्थान हासिल किया है। भारत राष्ट्रमंडल खेल के अंतिम दिन रविवार को कोई पदक नहीं जीत सका। इस वैश्विक आयोजन के अंतिम दिन ट्रैक साइकिलिंग और जूडो में भारतीय खिलाड़ी चुनौती पेश करने उतरे थे, लेकिन पोडियम तक पहुंचने में सफल नहीं रहे। पढ़ें पूरी खबर...

पश्चिम एशिया में तनाव - फोटो : @PTI/अमर उजाला ग्राफिक्स

होर्मुज पर फिर बढ़ा तनाव, ट्रंप के दावे पर ईरान का पलटवार
ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्य को तत्काल और पूरी तरह खोलने पर सहमति बन गई है। तेहरान ने स्पष्ट किया कि जलडमरूमध्य दोबारा खोलने को लेकर कोई समझौता नहीं हुआ है और जब तक अमेरिका अपने शत्रुतापूर्ण कदम जारी रखेगा, तब तक मौजूदा स्थिति में बदलाव नहीं होगा। हालांकि ओमान के साथ वार्ता अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। पढ़ें एक क्लिक पर...

पाकिस्तान में शांति रैली के दौरान धमाका - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

पाकिस्तान में शांति रैली के दौरान आत्मघाती हमला, 14 की मौत
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा के स्वात जिले में रविवार को एक शांति रैली के दौरान हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, इसमें पांच सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। इस धमाके में 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जिला प्रशासन के अनुसार, यह विस्फोट स्वात जिले के कबाल कस्बे में उस समय हुआ, जब स्वात पीस रैली निकाली जा रही थी। रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे, जो क्षेत्र में शांति बहाल करने और बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। पढ़ें पूरी खबर...

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

नौ साल में नहीं बना NTA का एक भी परीक्षा केंद्र, किराये के भरोसे व्यवस्था
नीट पेपर लीक के बाद प्रधानमंत्री के दबाव, छात्रों के प्रदर्शन और विपक्ष के सवालों के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) सुधारों के नए-नए दावे कर रही है, पर यह जमीनी हकीकत से कोसों दूर है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एनटीए ने हाल में टेस्ट सेंटर नेटवर्क एंड ऑपरेशन अधिकारी (जीएम-टीसीएनओ) का विज्ञापन निकाला है। इस अधिकारी का काम मानक परीक्षा केंद्र की तलाश करना होगा।

चौंकाने वाली बात यह है कि केंद्रीय कैबिनेट ने 2017 में एनटीए गठन की मंजूरी देते समय परीक्षार्थियों की संख्या के अनुरूप खुद के परीक्षा केंद्र बनाने का प्रस्ताव पास किया था। तब 500 सेंटर की जरूरत महसूस की गई थी। करीब नौ साल बीतने के बाद भी एनटीए खुद का केंद्र नहीं बना सका और उन्हें किराये पर ले रहा है। शिक्षा मंत्रालय व एनटीए की लापरवाही इसी से समझी जा सकती है कि कैबिनेट के कई फैसले अभी लागू नहीं हो सके हैं। पढ़ें अमर उजाला की पड़ताल...

Amar Ujala Ltd published this content on August 03, 2026, and is solely responsible for the information contained herein. Distributed via Public Technologies (PUBT), unedited and unaltered, on August 02, 2026 at 23:45 UTC. If you believe the information included in the content is inaccurate or outdated and requires editing or removal, please contact us at [email protected]