विस्तार
रणजी ट्रॉफी के मुकाबलों में मंगलवार को दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक कई टीमों ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। कहीं बल्लेबाजों ने दोहरे शतक और शतकीय पारियां खेलीं, तो कहीं निचले क्रम के बल्लेबाजों ने मुश्किल परिस्थितियों में टीम को संभाला। दिन के खेल में मुंबई, तमिलनाडु, गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र और उत्तराखंड की टीमों का प्रदर्शन खास रहा।
विज्ञापन
Trending Videos
मुंबई बनाम रेलवे
मुंबई ने रेलवे के खिलाफ पहली पारी में 396 रन बनाए। जवाब में रेलवे ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 116 रन बना लिए हैं। रेलवे की टीम अभी मुंबई से 280 रन पीछे है। मुंबई की ओर से शम्स मुलानी ने बल्ले से शानदार योगदान देते हुए 71 रन बनाए। उन्होंने आकाश आनंद (52) के साथ सातवें विकेट के लिए 82 रन जोड़े। आकाश आनंद ने 71 गेंदों पर सात चौकों की मदद से अर्धशतकीय पारी खेली। इससे पहले अंगकृष रघुवंशी ने 78 और सरफराज खान ने 55 रन बनाए।
रेलवे की ओर से हिमांशु सांगवान ने चार विकेट लेकर मुंबई की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने इसी दौरान प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने 100 विकेट भी पूरे किए। जवाब में रेलवे की शुरुआत संभली हुई रही, लेकिन तनुष कोटियन और शम्स मुलानी ने अंतिम सत्र में दो विकेट लेकर मुंबई को मुकाबले में वापसी का मौका दिया। सहाब सिंह ने 33 रन बनाए, जबकि ईशान गोयल को मुलानी ने आउट किया। स्टंप्स के समय मोहम्मद सैफ 29 और कप्तान भार्गव मेराई 7 रन बनाकर नाबाद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
तमिलनाडु बनाम चंडीगढ़
तमिलनाडु ने चंडीगढ़ के खिलाफ विशाल स्कोर खड़ा करते हुए अपनी पहली पारी 571/7 रन पर घोषित की। टीम की ओर से प्रादोष पॉल ने शानदार दोहरा शतक लगाया। वह 208 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी 335 गेंदों की पारी में 14 चौके शामिल रहे। अजित राम ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 115 रन की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा एन जगदीशन ने 52 और बाबा इंद्रजीत ने 51 रन बनाए। विशाल लक्ष्य के दबाव में चंडीगढ़ की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने तीन विकेट पर 49 रन बनाए थे। आर साई किशोर ने दो विकेट हासिल किए। चंडीगढ़ की टीम अभी पहली पारी में 522 रन पीछे है।
विज्ञापन
राजस्थान बनाम हिमाचल प्रदेश
राजस्थान ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए दूसरी पारी में चार विकेट पर 297 रन बना लिए हैं। पहली पारी में राजस्थान की टीम महज 78 रन पर सिमट गई थी, लेकिन दूसरी पारी में बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। राजस्थान की ओर से रोहन राजभर ने 140 रन की शानदार पारी खेली, जबकि महिपाल लोमरोर ने 97 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। हिमाचल प्रदेश ने पहली पारी में 153 रन बनाए थे। इस तरह राजस्थान को अब कुल 222 रन की बढ़त मिल गई है। हिमाचल की ओर से अर्पित गुलरिया ने दो विकेट लिए।
उत्तराखंड बनाम हरियाणा
देहरादून में खेले जा रहे मुकाबले में उत्तराखंड ने हरियाणा के खिलाफ अपनी पहली पारी में सात विकेट पर 296 रन बना लिए हैं। टीम को अब 143 रन की बढ़त हासिल हो चुकी है। उत्तराखंड की ओर से देगा निश्चल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 148 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने पारी को संभालने के साथ टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। आरव महाजन ने 51 और कुणाल चंदेला ने 56 रन का योगदान दिया। हरियाणा की ओर से कनिष्क चौहान ने चार विकेट हासिल किए। इससे पहले हरियाणा की पहली पारी 153 रन पर समाप्त हुई थी।
दिल्ली बनाम सर्विसेज
दिल्ली ने सर्विसेज के खिलाफ दूसरे दिन शानदार वापसी करते हुए पहली पारी में छह विकेट पर 299 रन बना लिए। टीम को अब 33 रन की बढ़त मिल गई है। दिल्ली की ओर से आयुष दोसिजा और सुमित माथुर ने संकट के समय शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने छठे विकेट के लिए 144 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। आयुष दोसिजा ने 154 गेंदों पर 78 रन बनाए, जबकि सुमित माथुर 159 गेंदों पर 80 रन बनाकर नाबाद हैं। उनकी पारी में आठ चौके और दो छक्के शामिल रहे। इससे पहले सर्विसेज की पहली पारी 266 रन पर समाप्त हुई थी। दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और टीम ने 134 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद दोनों बल्लेबाजों ने पारी को संभालते हुए टीम को बढ़त दिलाई। दिल्ली के लिए यह मुकाबला काफी अहम है, क्योंकि टीम को शुरुआती तीन मैचों में केवल दो अंक मिले थे। ऐसे में उसकी कोशिश पहली पारी में बड़ी बढ़त हासिल कर पूरे अंक जुटाने की होगी।
बंगाल बनाम महाराष्ट्र
महाराष्ट्र ने बंगाल के खिलाफ मुश्किल परिस्थितियों से निकलते हुए पहली पारी में 207/9 रन बना लिए और 64 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली। दूसरे दिन खराब रोशनी के कारण खेल जल्दी रोकना पड़ा। महाराष्ट्र की ओर से युवा ऑलराउंडर तनय सांघवी ने नाबाद 57 रन की जुझारू पारी खेली। उनका साथ देते हुए आखिरी बल्लेबाज प्रदीप डाधे 22 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच दसवें विकेट के लिए 49 रन की अटूट साझेदारी हुई। एक समय महाराष्ट्र की टीम 158 रन पर नौ विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। लेकिन सांघवी और डाधे ने बंगाल के गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। बंगाल की ओर से मोहम्मद शमी और शाहबाज अहमद ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि मोहम्मद कैफ को दो सफलता मिली। शमी ने 22 ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। इससे पहले बंगाल की पहली पारी 143 रन पर सिमट गई थी। बंगाल की टीम लगातार चौथी जीत की तलाश में है, लेकिन महाराष्ट्र की वापसी ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
झारखंड बनाम ओडिशा
भुवनेश्वर में खेले जा रहे मुकाबले में झारखंड ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 258 रन बना लिए हैं। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी और बारिश से प्रभावित पहले दिन उसका स्कोर 37 रन पर तीन विकेट था। इसके बाद आदित्य सिंह और अनुकूल रॉय ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पांचवें विकेट के लिए 155 रन की साझेदारी की। आदित्य सिंह 94 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि अनुकूल रॉय ने 89 रन की पारी खेली। ओडिशा की ओर से राजेश मोहंती ने दो विकेट हासिल किए।
गुजरात बनाम केरल
गुजरात ने केरल के खिलाफ पहली पारी में नौ विकेट पर 534 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। टीम की ओर से उर्विल पटेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 210 रन की नाबाद पारी खेली। उर्विल ने महज 227 गेंदों का सामना करते हुए 17 चौके और छह छक्के लगाए। उनके अलावा आर्या देसाई ने 95 रन बनाकर शतक से चूक गए। केरल की ओर से नेदुमंकुझी बेसिल ने तीन विकेट लिए। जवाब में केरल की टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 74 रन बना लिए थे। गुजरात की ओर से अर्जन नागवासवाला ने दो विकेट हासिल किए।