02/18/2026 | Press release | Distributed by Public on 02/18/2026 07:56
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 18 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के दौरान फिनलैंड गणराज्य के प्रधानमंत्री महामहिम श्री पेटेरी ऑर्पो से भेंट की।
दोनों राजनेताओं ने 16वें भारत-ईयू शिखर सम्मेलन के दौरान हाल ही में हुए भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते का स्वागत किया, जो साझा प्रगति और समृद्धि के लिए उत्प्रेरक का काम करेगा। दोनों राजनेताओं ने भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी की भावना के तहत द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
दोनों राजनेताओं ने भविष्य की आर्थिक वृद्धि और विकास में डिजिटलीकरण और स्थायित्व की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। इस संदर्भ में, उन्होंने विस्तारित संचालन और भागीदारी के माध्यम से अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनियों की एक-दूसरे की अर्थव्यवस्थाओं में बढ़ती उपस्थिति को मान्यता दी और उनका स्वागत किया। फिनलैंड के प्रधानमंत्री ने न्यायसंगत और समावेशी एआई विकास के लिए भारत के विज़न की सराहना की।
राजनेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने और प्रौद्योगिकी सहयोग को बढ़ाने का आह्वान किया, जिनमें क्वांटम और 6जी, नवीकरणीय ऊर्जा, चक्रीय अर्थव्यवस्था और रक्षा आदि का सह-विकास शामिल है।
उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक विकास तथा वैश्विक शासन में अधिक सहयोग पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
दोनों राजनेताओं ने द्विपक्षीय संपर्क बढ़ाने की उम्मीद जताई, जिसमें इस वर्ष बाद में आयोजित होने वाले तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में फिर से मुलाक़ात शामिल है।
****
पीके / केसी / जेके/डीके