09/07/2026 | Press release | Distributed by Public on 09/07/2026 11:44
प्रविष्टि तिथि: 07 SEP 2026 10:42AM by PIB Delhi
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), साइबर सुरक्षा और डिजिटल सेवाओं की तेजी से बढ़ती मांग के कारण इन क्षेत्रों के साथ-साथ भविष्य के इंटरनेट-सक्षम नवाचार का समर्थन करने के लिए आवश्यक अंतर्निहित इंटरनेट अवसंरचना पर दबाव पड़ रहा है, ऐसे में 600 से अधिक इंटरनेट विशेषज्ञ, नीति निर्माता और तकनीकी नेतृत्व इस महीने मुंबई में 62वें एपीएनआईसी सम्मेलन (एपीएनआईसी 62) के लिए मिलेंगे।
नेशनल इंटरनेट एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनआईएक्सआई) और इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आईएसपीएआई) द्वारा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) और महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से आयोजित, एपीएनआईसी 62 का आयोजन एशिया पैसिफिक नेटवर्क इंफॉर्मेशन सेंटर (एपीएनआईसी) द्वारा किया जाता है, जो इस क्षेत्र का गैर-लाभकारी इंटरनेट नंबर रजिस्ट्री है।
इस आयोजन में तकनीकी विशेषज्ञ, नेटवर्क ऑपरेटर, नीति निर्माता और इंटरनेट समुदाय के नेतृत्व एक साथ आएंगे और इंटरनेट के भविष्य को आकार देने वाली कुछ सबसे महत्वपूर्ण चुनौतियों और अवसरों का विश्लेषण करेंगे। इसमें एआई-संचालित सेवाएं, नेटवर्क संचालन, साइबर सुरक्षा, रूटिंग सुरक्षा और इंटरनेट तंत्र से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री सुशील पाल ने कहा कि भारत के डिजिटल इकोसिस्टम के निरंतर विस्तार के साथ सुरक्षित, सुदृढ़ और भविष्य के लिए तैयार इंटरनेट बुनियादी ढांचे को सुनिश्चित करना एक प्रमुख प्राथमिकता बनी हुई है। एपीएनआईसी 62 भारत को एशिया प्रशांत तकनीकी समुदाय के साथ जुड़ने, ज्ञान का आदान-प्रदान करने और सभी के लिए एक खुले, समावेशी और विश्वसनीय इंटरनेट की दिशा में सहयोग को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।
विशिष्ट अतिथियों में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव श्री एस. कृष्णन और महाराष्ट्र सरकार के मुख्य सचिव श्री राजेश अग्रवाल शामिल होंगे।
एपीएनआईसी के महानिदेशक जिया रोंग लो ने कहा कि एआई और अन्य प्रमुख तकनीकी और सामाजिक बदलाव हमारी अर्थव्यवस्थाओं और समाज को आधार प्रदान करने वाले नेटवर्कों पर अभूतपूर्व दबाव डाल रहे हैं। एपीएनआईसी 62 क्षेत्र के इंटरनेट समुदाय को एक साथ लाता है ताकि साझा विशेषज्ञता को अधिक सुरक्षित, लचीले और स्केलेबल इंटरनेट के लिए व्यावहारिक कार्यों में बदला जा सके।
लो कहते हैं कि आईपीवी6 को अपनाने में भारत का नेतृत्व यह दर्शाता है कि तकनीकी क्षमता, निवेश और सहयोग के सही तालमेल से क्या संभव है। मुंबई एशिया प्रशांत इंटरनेट समुदाय को एक साथ लाने, इस अनुभव को साझा करने और इंटरनेट के निरंतर विकास की योजना बनाने में मदद करने के लिए एक स्वाभाविक स्थान है।
एनआईएक्सआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. देवेश त्यागी ने कहा, "भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था और इंटरनेट अवसंरचना में तेजी से हो रही प्रगति के समय मुंबई में एपीएनआईसी 62 की मेजबानी करते हुए एनआईएक्सआई को गर्व महसूस हो रहा है। एपीएनआईसी 62 भारत के अनुभवों को साझा करने, क्षेत्रीय विशेषज्ञों से सीखने और सुरक्षित, सुदृढ़ और समावेशी इंटरनेट के लिए आवश्यक सहयोग को मजबूत करने का एक अवसर है।"
आईएपीएआई के अध्यक्ष राजेश छारिया कहते हैं कि विश्वसनीय, सुरक्षित और उच्च प्रदर्शन वाली कनेक्टिविटी की तेजी से बढ़ती मांग को पूरा करने में भारत के इंटरनेट सेवा प्रदाता सबसे आगे हैं। एपीएनआईसी 62 एशिया प्रशांत क्षेत्र के ऑपरेटरों को व्यावहारिक अनुभव साझा करने, तकनीकी सहयोग को मजबूत करने और भविष्य के लिए अपने नेटवर्क को तैयार करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।
उद्घाटन समारोह में लाइटस्टॉर्म ग्रुप के सीईओ और प्रबंध निदेशक अमाजित गुप्ता एआई-संचालित नेटवर्क संचालन पर और जेपीसीईआरटी/सीसी की युकाको उचिडा साइबर सुरक्षा में विश्वास और सहयोग की भूमिका पर मुख्य भाषण देंगे।
8 सितंबर को एपीएनआईसी 62 के दौरान, एनआईएक्सआई और एपीएनआईसी प्रमुख इंटरनेट अवसंरचना प्रौद्योगिकियों - आईपीवी6 और रूटिंग सुरक्षा - की तैनाती को बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करेंगे, जो भारत के इंटरनेट अवसंरचना की सुरक्षा, लचीलापन और दीर्घकालिक विकास को मजबूत करने में योगदान देगा।
एपीएनआईसी 62
एपीएनआईसी 62 का आयोजन 4 से 10 सितंबर, 2026 तक मुंबई में किया जाएगा, जिसमें एशिया प्रशांत क्षेत्र में एक सुरक्षित और लचीले इंटरनेट पर केंद्रित तकनीकी कार्यशालाएं, सम्मेलन सत्र, नीतिगत बैठकें और सामुदायिक कार्यक्रम शामिल होंगे।
क्या है एपीएनआईसी
एपीएनआईसी, एशिया प्रशांत नेटवर्क सूचना केंद्र, वैश्विक इंटरनेट को गति प्रदान करने वाले प्रमुख संगठनों में से एक है।
हर वेबसाइट लोड, वीडियो स्ट्रीम या एआई-संचालित सेवा के पीछे साझा तकनीकी संसाधनों का एक समूह होता है जो नेटवर्क को एक-दूसरे को खोजने और उनसे जुड़ने में सक्षम बनाता है। एपीएनआईसी एशिया प्रशांत क्षेत्र की 56 अर्थव्यवस्थाओं में इन महत्वपूर्ण संसाधनों - इंटरनेट पते और नेटवर्क पहचानकर्ताओं - के प्रबंधन में मदद करता है।
प्रमुख वैश्विक प्रदाताओं से लेकर छोटे सामुदायिक नेटवर्क तक, एपीएनआईसी हजारों संगठनों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करता है कि इंटरनेट सुरक्षित और विश्वसनीय रूप से विकसित होता रहे। इसकी भूमिका नियामक या राजनीतिक नहीं, बल्कि तकनीकी है: यह इंटरनेट को सीमाओं के पार एक एकल, अंतरसंचालनीय प्रणाली के रूप में कार्य करने में सहायता करता है।
सरल शब्दों में कहें तो एपीएनआईसी यह सुनिश्चित करने में मदद करता है कि इंटरनेट न केवल आज बल्कि लंबे समय तक सुचारू रूप से काम करे, जिससे एशिया प्रशांत क्षेत्र के लिए एक खुला, स्थिर और सुरक्षित डिजिटल भविष्य सुनिश्चित हो सके।