Prime Minister’s Office of India

02/22/2026 | Press release | Distributed by Public on 02/22/2026 07:01

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के पहले नमो भारत आरआरटीएस का उद्घाटन किया और दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया

प्रधानमंत्री कार्यालय

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के पहले नमो भारत आरआरटीएस का उद्घाटन किया और दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया


आज उत्तर प्रदेश और पूरा देश विश्व स्तरीय अवसंरचना के एक नए युग का साक्षी बन रहा है: प्रधानमंत्री

मेरठ मेट्रो, नमो भारत ट्रेन और क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली (आरआरटीएस) के नए खंड के उद्घाटन से एनसीआर के लोगों का जीवन और भी सरल, सुगम और सुविधाजनक हो जाएगा: प्रधानमंत्री

हमारी कार्य संस्कृति ऐसी है कि एक बार किसी कार्य की नींव रख दी जाए, तो उसे पूरा करने के लिए दिन-रात काम किया जाता है, यही कारण है कि अब परियोजनाएं पहले की तरह लंबित नहीं रहती: प्रधानमंत्री

चाहे नमो भारत हो या मेट्रो सेवा, मुझे दोनों की नींव रखने का अवसर मिला और आज मुझे इनका उद्घाटन करने का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ है: प्रधानमंत्री

देश में पहली बार ऐसा हो रहा है कि नमो भारत और मेट्रो रेल एक ही स्टेशन और एक ही ट्रैक पर चलेंगी: प्रधानमंत्री

एक ही प्लेटफॉर्म से शहर के भीतर यात्रा की जा सकेगी और उसी स्टेशन से दिल्ली से आने-जाने की सीधी सुविधा भी उपलब्ध होगी: प्रधानमंत्री

आज विश्व के कई विकसित देश भारत के साथ व्यापार समझौते कर रहे हैं: प्रधानमंत्री

आज विकसित देश भारत के साथ साझेदारी करने के लिए उत्सुक हैं, ऐसा इसलिए है क्योंकि वे भारत के विकास में अपना भविष्य देखते हैं और भारत की युवा शक्ति में आशा देखते हैं: प्रधानमंत्री

आज, विश्व को लगता है कि भारत वह शक्ति है जो 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान प्रदान कर सकती है: प्रधानमंत्री

मेरठ-हापुड़ क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों ने शुरुआत से ही चौधरी चरण सिंह जी की दूरदृष्टि देखी है, और यह हमारी सरकार का सौभाग्य है कि हमें चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न प्रदान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ: प्रधानमंत्री

प्रविष्टि तिथि: 22 FEB 2026 4:47PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो मार्ग का उद्घाटन किया और इस परियोजना को 'विकसित उत्तर प्रदेश' और 'विकसित भारत' के लिए नई ऊर्जा का स्रोत बताया। यह भारत में पहली बार है जब एक ही मंच से एक ही दिन रैपिड रेल और मेट्रो सेवा दोनों का शुभारंभ किया गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह परियोजना विकसित भारत में संपर्क का एक शानदार उदाहरण प्रस्तुत करती है। एकीकृत प्रणाली शहर के भीतर यात्रा के लिए मेट्रो और ''जुड़वां शहरों'' की परिकल्पना को गति देने के लिए नमो भारत ट्रेनों का उपयोग करती है। डबल इंजन वाली सरकार की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अब परियोजनाएं अधर में नहीं लटकती हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी सरकार जिस कार्य की नींव रखती है, उसे पूरा करती है क्योंकि उन्होंने स्वयं इन सेवाओं की नींव रखी है और इनका उद्घाटन किया है।

अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री ने मेरठ मेट्रो में यात्रा की और छात्रों और यात्रियों से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने इस परियोजना को 'नारी-शक्ति' का प्रतीक बताते हुए इसकी सराहना की और कहा कि अधिकांश ट्रेन संचालक और स्टेशन नियंत्रण कर्मचारी महिलाएं हैं। उन्होंने देश की पहली नमो भारत रैपिड रेल सेवा के लिए उत्तर प्रदेश के लोगों को बधाई दी।

मेरठ से अपने विशेष जुड़ाव को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014, 2019 और 2024 के उनके राष्ट्रीय चुनाव अभियान इसी क्रांतिकारी भूमि से शुरू हुए थे। उन्होंने क्षेत्र के किसानों, कारीगरों और उद्यमियों को उनके निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। श्री मोदी ने कहा, "2014 से पहले मेट्रो सेवाएं केवल 5 शहरों तक ही सीमित थीं, लेकिन अब 25 से अधिक शहरों में मेट्रो चल रही है जिससे भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन गया है।"उन्होंने आगे कहा, "इस परियोजना की एक अनूठी विशेषता सराय काले खान, आनंद विहार, गाजियाबाद और मेरठ में भारतीय रेलवे, मेट्रो और बस स्टैंडों का एकीकरण है। भारत में पहली बार नमो भारत और मेट्रो रेल एक ही ट्रैक और स्टेशन पर चलेंगी।"प्रधानमंत्री ने कहा कि इस एकीकरण से यात्रियों को शहर के भीतर यात्रा करने या सीधे दिल्ली जाने की सुविधा मिलेगी जिससे कई श्रमिकों और छात्रों की दिल्ली में किराए के मकानों में रहने की मजबूरी खत्म हो जाएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा, "सरकार द्वारा आधुनिक अवसंरचना में किया गया निवेश-जिसमें एक्सप्रेसवे, माल ढुलाई गलियारे और जेवर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा शामिल हैं-व्यापक रोजगार के अवसर पैदा कर रहा है। ये परियोजनाएं क्षेत्र में नए उद्योगों और व्यवसायों को आकर्षित कर रही हैं।"

उत्तर प्रदेश को श्रम और सृजन की भूमि बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य के किसान और कारीगर विरासत और विकास के मंत्र को सफलतापूर्वक साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की वैश्विक शक्ति बढ़ने के साथ ही विकसित देश भारत की युवा शक्ति का लाभ उठाने के लिए व्यापार समझौते करने को उत्सुक हैं। श्री मोदी ने कहा, "आज विश्व भारत को 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान करने में सक्षम एक महाशक्ति के रूप में देखती है, जिससे उत्तर प्रदेश के नागरिक सीधे लाभान्वित होते हैं।"

प्रधानमंत्री ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष के केंद्रीय बजट में शामिल 10,000 करोड़ रुपये के विशेष कोष का प्रावधान किया गया है जिससे एमएसएमई के लिए ऋण लेना आसान हो जाएगा। उन्होंने बुनकरों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचने में मदद करने के लिए महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना का भी उल्लेख किया। कूरियर के माध्यम से माल भेजने की 10 लाख रुपये की सीमा समाप्त कर दी गई है। इससे मेरठ और पूरे उत्तर प्रदेश के छोटे उद्यमी ऑनलाइन ऐप के माध्यम से सीधे अमेरिका और यूरोप के ग्राहकों को अपना माल बेच सकेंगे।

श्री मोदी ने कहा, "चौधरी चरण सिंह जी की दूरदृष्टि को सम्मान देते हुए सरकार ने उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया। उनसे प्रेरित होकर, डबल इंजन वाली सरकार खाद्य प्रसंस्करण और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के लिए काम कर रही है। इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश के किसानों को लगभग 95,000 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।"

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के विकास को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि दंगों और अपराध के दौर से निकलकर आज ब्रह्मोस, मोबाइल निर्माण और पर्यटन को मिली पहचान तक का सफर बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज अपराधी जेल में हैं, बेटियों की गरिमा सुरक्षित है और कानून व्यवस्था में सुधार से अर्थव्यवस्था में जबरदस्त उछाल आया है और विनिर्माण क्षेत्र में तेजी आई है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन का समापन करते हुए कहा,"उत्तर प्रदेश एक विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है, और हाल ही में राज्य के पहले सेमीकंडक्टर कारखाने की नींव रखी गई है। एक विकसित भारत के लिए एक विकसित उत्तर प्रदेश आवश्यक है।"

आज उत्तर प्रदेश समेत पूरा देश वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के नए युग का साक्षी बन रहा है। मेरठ मेट्रो, नमो भारत ट्रेन और रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के नए सेक्शन के शुभारंभ से NCR के लोगों का जीवन और अधिक सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनेगा। https://t.co/gm42Tk3Y7c

- Narendra Modi (@narendramodi) February 22, 2026

हमारी कार्यसंस्कृति ये है कि जिस काम का शिलान्यास किया जाए, उसे पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया जाए।

इसलिए अब परियोजनाएं पहले की तरह लटकती, भटकती नहीं हैं।

नमो भारत हो या मेट्रो सेवा... दोनों का शिलान्यास करने का अवसर मुझे ही मिला था।

और आज मुझे ही इनके लोकार्पण का भी…

- PMO India (@PMOIndia) February 22, 2026

देश में ये पहली बार हो रहा है... जब एक ही स्टेशन, एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो रेल चलेगी।

यानी एक ही प्लेटफॉर्म से आप शहर के भीतर भी यात्रा कर पाएंगे और उसी स्टेशन से सीधे दिल्ली भी आ-जा सकते हैं: PM @narendramodi

- PMO India (@PMOIndia) February 22, 2026

दुनिया के अनेक विकसित देश आज भारत के साथ व्यापारिक समझौते कर रहे हैं: PM @narendramodi

- PMO India (@PMOIndia) February 22, 2026

आज विकसित देश भारत के साथ जुड़ने के लिए उत्सुक हैं।

क्योंकि उनको भारत के विकास में अपना भविष्य दिखता है... उनको भारत की युवाशक्ति में उम्मीद दिखती है।

आज दुनिया को लगता है कि भारत वो ताकत है, जो 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान दे सकती है: PM @narendramodi

- PMO India (@PMOIndia) February 22, 2026

मेरठ-हापुड़ और आसपास के इस क्षेत्र ने चौधरी चरण सिंह जी के विजन को शुरुआती दिनों से देखा है।

ये हमारी सरकार का सौभाग्य रहा कि हमें चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला: PM @narendramodi

- PMO India (@PMOIndia) February 22, 2026

***

पीके/केसी/पीपी/वीके


(रिलीज़ आईडी: 2231512) आगंतुक पटल : 27
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Tamil
Prime Minister’s Office of India published this content on February 22, 2026, and is solely responsible for the information contained herein. Distributed via Public Technologies (PUBT), unedited and unaltered, on February 22, 2026 at 13:01 UTC. If you believe the information included in the content is inaccurate or outdated and requires editing or removal, please contact us at [email protected]