01/10/2026 | Press release | Distributed by Public on 01/10/2026 09:27
लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार, परम विशिष्ट सेवा मेडल, उत्तम युद्ध सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, पश्चिमी कमान ने आज10 जनवरी2026 को दिल्ली कैंट स्थित मानेकशॉ सेंटर में आयोजित एक भव्य अलंकरण समारोह में100 वीरता एवं विशिष्ट सेवा पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को सम्मानित किया।
प्रदान किए गए पुरस्कारों में6 युद्ध सेवा मेडल, 30 सेना मेडल(वीरता) जिनमें4 सेना मेडल(वीरता) मरणोपरांत शामिल हैं17 सेना मेडल(विशिष्ट) जिनमें1 बार टू सेना मेडल(विशिष्ट) सम्मिलित है तथा44 विशिष्ट सेवा मेडल शामिल हैं। ये पुरस्कार राष्ट्र के प्रति असाधारण साहस, नेतृत्व एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए आर्मी कमांडर ने सभी रैंकों से पेशेवर उत्कृष्टता, नवाचार तथा परिचालन तत्परता की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने एवं राष्ट्र की सुरक्षा तथा संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपने संकल्प पर अडिग बने रहने का आह्वान किया।
अलंकरण समारोह के उपरांत आर्मी कमांडर एवं श्रीमती सुचि कटियार, क्षेत्रीय अध्यक्ष, आर्मी विमेंस वेलफेयर एसोसिएशन(AWWA) ने वीर नारियों, पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं एवं उनके परिवारजनों से आत्मीय संवाद किया तथा राष्ट्र सेवा में उनके अमूल्य योगदान एवं बलिदानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर पश्चिमी कमान के सैनिकों द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित ड्रोन का एक प्रभावशाली प्रदर्शन भी किया गया, जिसने भारतीय सेना के आधुनिकीकरण प्रयासों के अनुरूप पश्चिमी कमान के सैनिकों द्वारा प्राप्त तकनीकी नवाचार एवं आत्मनिर्भरता को प्रदर्शित किया।
हरियाणा के चंडीमंदिर, चंडीगढ़ के निकट मुख्यालय वाली पश्चिमी कमान भारतीय सेना की परिचालनात्मक कमान है, भारत की पश्चिमी सीमाओं की सुरक्षा का दायित्व सौंपा गया है। यह कमान ऑपरेशन सिंदूर सहित भारत-पाकिस्तान के प्रमुख युद्धों एवं संघर्षों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी है, जो कमान की क्षमताओं का सशक्त प्रमाण है।
अलंकरण समारोह भारतीय सेना की उस परंपरा और मूल्यों का सशक्त एवं प्रभावशाली प्रमाण रहा, जिसमें वीरता को सम्मानित करने, नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा वर्तमान एवं भविष्य की चुनौतियों का सामना करने हेतु अडिग तत्परता बनाए रखने पर विशेष बल दिया जाता है।
***
IN/CV