Prime Minister’s Office of India

02/19/2026 | Press release | Distributed by Public on 02/19/2026 08:41

अबू धाबी के क्राउन प्रिंस महामहिम शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान की भारत यात्रा

प्रधानमंत्री कार्यालय

अबू धाबी के क्राउन प्रिंस महामहिम शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान की भारत यात्रा

प्रविष्टि तिथि: 19 FEB 2026 5:45PM by PIB Delhi

अबू धाबी के क्राउन प्रिंस महामहिम शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान 19 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने के लिए 18-19 फरवरी 2026 तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। सितंबर 2024 की यात्रा के बाद, यह भारत की उनकी दूसरी आधिकारिक यात्रा है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और महामहिम शेख खालिद बिन मोहम्मद की एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के अवसर पर 19 फरवरी को मुलाकात हुई। दोनों राजनेताओं ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी के महत्व को दोहराया, जो मजबूत राजनीतिक, सांस्कृतिक, वाणिज्यिक, ऊर्जा और लोगों के आपसी संपर्क पर आधारित है। उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति, महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान तथा अबू धाबी और दुबई राजपरिवार के अन्य सदस्यों की हाल की सफल भारत यात्रा को याद किया।

दोनों राजनेताओं ने रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और निवेश, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों की एक विस्तृत श्रृंखला में द्विपक्षीय संबंधों में हासिल की गई महत्वपूर्ण प्रगति को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि 18 फरवरी 2026 को व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) पर हस्ताक्षर हुए ठीक चार साल हो गए हैं, इस अवधि के दौरान द्विपक्षीय व्यापार और निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसके अलावा, दोनों नेताओं ने महत्वपूर्ण दो-तरफा निवेश प्रवाह की सराहना की और यूएई सॉवरेन वेल्थ फंड को भारतीय अर्थव्यवस्था में निवेश जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। इस आलोक में, दोनों नेताओं ने पारस्परिक लाभ के लिए इस साझेदारी को मजबूत करने के क्रम में नवीनतम संप्रभु कोष के रूप में लल्मद की क्षमता को स्वीकार किया। उन्होंने अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच सहयोग के अवसरों पर भी चर्चा की।

दोनों नेताओं ने निम्नलिखित पहलों का भी स्वागत किया, जो सहयोग के पारंपरिक और नए क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने की दिशा में मंच तैयार करती हैं:

स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग पर भारत के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय तथा संयुक्त अरब अमीरात के स्वास्थ्य और रोकथाम मंत्रालय के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) को अंतिम रूप देना: यह एमओयू पेशेवर आदान-प्रदान, संस्थागत सहयोग, अनुसंधान, डिजिटल स्वास्थ्य, दवा व उपकरण और स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के विकास से जुड़े संयुक्त प्रयासों को बढ़ावा देगा, जिससे दोनों देशों के लोगों को लाभ होगा।

भारत में सुपरकंप्यूटर क्लस्टर की तैनाती के लिए उन्नत कंप्यूटिंग विकास केंद्र, जी42 और मोहम्मद बिन जायद एआई विश्वविद्यालय के बीच प्रावधान प्रपत्र (टर्म शीट) को अंतिम रूप देना: प्रावधान प्रपत्र (टर्म शीट) को अंतिम रूप देने से भारत में सुपरकंप्यूटर क्लस्टर की तैनाती की शुरुआत हुई है, जिसकी घोषणा संयुक्त रूप से भारत के प्रधानमंत्री श्री मोदी और भारत की आधिकारिक यात्रा पर आये यूएई के राष्ट्रपति महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद ने 19 जनवरी 2026 को की। सुपरकंप्यूटर क्लस्टर एआई इंडिया मिशन का हिस्सा होगा, जो शोध, अनुप्रयोग विकास और व्यावसायिक उपयोग के लिए सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों के लिए सुलभ होगा।

गुजरात के गिफ्ट सिटी में अबू धाबी नेशनल इंश्योरेंस कंपनी का कार्यालय स्थापित करना

महामहिम शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन ज़ायद अल नहयान ने एआई इम्पैक्ट समिट की सफलता पर प्रधानमंत्री को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने स्विट्ज़रलैंड की अगले एआई इम्‍पैक्‍ट सम्मेलन आयोजित करने की पहल का स्वागत किया, जिसके बाद यूएई की बारी होगी।

इस यात्रा ने भारत और यूएई के बीच नियमित रूप से नेतृत्व स्तर की बातचीत की परंपरा की फिर से पुष्टि की। इसने भारत-यूएई तकनीकी साझेदारी के प्रति उच्च-स्तरीय राजनीतिक प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ किया, जिससे एआई और उन्नत तकनीकों को द्विपक्षीय संबंधों के मुख्य स्तंभों में से एक के रूप में बढ़ावा मिला।

***

पीके/केसी/जेके/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2230405) आगंतुक पटल : 10
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Tamil
Prime Minister’s Office of India published this content on February 19, 2026, and is solely responsible for the information contained herein. Distributed via Public Technologies (PUBT), unedited and unaltered, on February 19, 2026 at 14:41 UTC. If you believe the information included in the content is inaccurate or outdated and requires editing or removal, please contact us at [email protected]