Ministry of Heavy Industries of the Republic of India

08/24/2026 | Press release | Distributed by Public on 08/24/2026 11:05

दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का भविष्य विद्यार्थी हैं: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार

  1. भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने आज लखनऊ में "निर्वाचन संबंधी साक्षरता क्लब (ईएलसी 2.0) और ईसीआईएनईटी" विषय पर दूसरे क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मेलन का उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से युवा नागरिकों में निर्वाचन संबंधी साक्षरता और लोकतांत्रिक जागरूकता को सुदृढ़ करना है।
  2. उत्तर प्रदेश के विभिन्‍न विद्यालयों और महाविद्यालयों से आए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने विद्यार्थियों को राष्‍ट्र का भविष्‍य बताया। उन्‍होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी साक्षरता क्‍लब (ईएलसी) निर्वाचन प्रक्रियाओं से संबंधित ज्ञान और समझ को आगे बढ़ाने तथा लोकतंत्र को समृद्ध बनाने के लिए अत्‍यंत आवश्‍यक हैं।
  3. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि देश में चुनाव पूरी तरह से भारत के संविधान, कानूनों तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार आयोजित किए जाते हैं। ये चुनाव सभी चरणों में राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों या उनके प्रतिनिधियों के समवर्ती ऑडिट के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ सम्‍पन्‍न होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और युवा मतदाताओं को भारत की निर्वाचन प्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता पंजीकरण, मतदान एवं मतगणना की प्रक्रियाओं तथा भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका और कार्यप्रणाली से परिचित कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
  4. युवा नागरिकों की सहभागिता के महत्व पर जोर देते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में युवाओं का विश्वास और उनकी सूचित भागीदारी लोकतंत्र के भविष्य में निवेश है।
  5. "लोकतंत्र सीखें, लोकतंत्र का नेतृत्व करें" की टैगलाइन के साथ ईएलसी 2.0 का उद्देश्‍य, युवा एवं पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को न केवल लोकतंत्र को समझने के लिए प्रोत्‍साहित करना है, बल्कि सार्थक रूप से इसमें भाग लेने और इसकी प्रगति में योगदान देने के लिए भी प्रेरित करना है।
  6. इससे पहले आज दिन की शुरूआत में श्री ज्ञानेश कुमार ने अपने पूर्व शैक्षणिक संस्‍थान कोल्विन तालुकदार्स कॉलेज का दौरा किया और वहां के शिक्षकों और छात्रों से संवाद किया। अपने दौरे के दूसरे दिन (25 अगस्‍त, 2026) मुख्य निर्वाचन आयुक्त उत्तर प्रदेश के बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के साथ बातचीत करेंगे।
  7. ईएलसी 2.0 के तहत निर्वाचन संबंधी साक्षरता क्लबों को स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में संरचित, दृश्यमान और डिजिटल रूप से सक्षम प्लेटफार्म के रूप में नए सिरे से तैयार किया गया है। इस पहल का उद्देश्‍य युवा नागरिकों के बीच चुनावी साक्षरता को बढ़ावा देना और उनके परिवारों, शैक्षणिक संस्थानों व समुदायों में चुनावी जागरूकता फैलाना है।
  8. ईएलसी 2.0 विस्‍तृत 'ईसीआईएनईटी' डिजिटल प्लेटफॉर्म का लाभ उठाएगा, जो एक बटन क्लिक करते ही मतादाता सूची से लेकर मतदान तक की सभी चुनाव संबंधी सेवाएं प्रदान करता है। ईसीआईएनईटी पर एक समर्पित ईएलसी पोर्टल का उपयोग करके ईएलसी का एक सुव्यवस्थित अखिल भारतीय नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
  9. भारत के विशाल शैक्षणिक इकोसिस्‍टम को देखते हुए यह पहल बहुत महत्वपूर्ण है, जिसमें लगभग 15 लाख स्कूल, करीब 25 करोड़ विद्यार्थी और एक करोड़ से अधिक शिक्षक शामिल हैं। उच्च शिक्षा क्षेत्र में लगभग 1,500 विश्वविद्यालय और करीब 70,000 शिक्षण संस्थान हैं, जिनमें अनुमानित 4.33 करोड़ विद्यार्थी नामांकित हैं।
  10. इस विस्‍तृत संस्थागत नेटवर्क के माध्यम से, ईएलसी 2.0 का लक्ष्‍य तथ्यात्मक और अनुभवात्मक निर्वाचन शिक्षा को बढ़ावा देना, भारत की निर्वाचन प्रणाली की पारदर्शिता, निष्‍पक्षता और विश्वसनीयता के बारे में जागरूकता बढ़ाना तथा युवा नागरिकों को सूचित लोकतांत्रिक भागीदारी के दूत बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।
  11. ईएलसी निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, जिनमें मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना शामिल हैं, के बारे में जानकारी प्रसारित करने के मंच के रूप में भी काम करेंगे। इसके साथ ही ईसीआईएनईटी ऐप और भारत निर्वाचन आयोग की अन्य प्रमुख पहलों के बारे में भी जानकारी उपलब्‍ध कराई जाएगी।
Ministry of Heavy Industries of the Republic of India published this content on August 24, 2026, and is solely responsible for the information contained herein. Distributed via Public Technologies (PUBT), unedited and unaltered, on August 24, 2026 at 17:05 UTC. If you believe the information included in the content is inaccurate or outdated and requires editing or removal, please contact us at [email protected]