08/22/2026 | Press release | Distributed by Public on 08/22/2026 06:11
Link Copied
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
यह खबर एप पर पढ़ें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लॉगिन करेंकभी-कभी जिंदगी की परेशानियां इंसान को इतना तोड़ देती हैं कि उसे अपने सामने कोई रास्ता नजर नहीं आता। मोबाइल फोन की कुछ ईएमआई का बोझ भी एक युवक के लिए इतना भारी पड़ गया कि उसने अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला कर लिया। लेकिन यमुना के तेज बहाव में मौत और जिंदगी के बीच जूझ रहे युवक दीपक के लिए कालिंदी कुंज थाने की पुलिस फरिश्ता बनकर पहुंची और उसे नई जिंदगी दे दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना भोला घाट कालिंदी पुल के पास की है। कालिंदी कुंज थाने की पुलिस शुक्रवार रात 8.30 बजे गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने कुछ लोगों को शोर मचाते सुना कि एक युवक ने यमुना में छलांग लगा दी है। गश्त कर रहे हवलदार शिवम और सिपाही आनंद गौतम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने तत्काल बाढ़ विभाग के कर्मचारियों को नाव के साथ बुलाया और बचाव अभियान शुरू कर दिया।
कुछ ही देर में पुलिस टीम ने यमुना के पानी में डूबते एक युवक को देखा। टीम ने उसे पानी से बाहर निकाला और उसकी जिंदगी बचा ली। युवक की पहचान संजय कॉलोनी ओखला फेज-2 निवासी 30 साल के दीपक कुमार के रूप में हुई।
पूछताछ में दीपक ने बताया कि वह डांस टीचर है और माली का काम भी करता है। पिछले कुछ महीनों से आमदनी कम होने के कारण वह मोबाइल फोन की ईएमआई नहीं चुका पा रहा था। आर्थिक तंगी और लगातार बढ़ते तनाव ने उसे इस कदर तोड़ दिया कि उसने खुदकुशी करने का फैसला कर लिया।
दक्षिण पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार ने बताया कि पुलिस कर्मियों ने दीपक को समझाया और परामर्श दिया गया। इसके बाद उसे उसकी पत्नी और साले के साथ सुरक्षित घर भेज दिया गया।