02/19/2026 | Press release | Distributed by Public on 02/19/2026 08:59
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 19 फरवरी 2026 को एआई इंपैक्ट समिट के अवसर पर हेलेनिक गणराज्य (ग्रीस) के प्रधानमंत्री महामहिम श्री किरियाकोस मित्सोताकीस से मुलाकात की। ग्रीस के प्रधानमंत्री 18-19 फरवरी 2026 को भारत के दौरे पर हैं, जिससे वे नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इंपैक्ट समिट, 2026 में भाग ले सकें। प्रधानमंत्री मित्सोताकीस के साथ डिजिटल गवर्नेंस मंत्री, श्री दिमित्रियोस पापास्टर्जिओ और वरिष्ठ अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी उपस्थित था।
दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी के पूरे दायरे की समीक्षा की और यह स्वीकार किया कि विविध क्षेत्रों में यह साझेदारी निरंतर गति से बढ़ रही है। उन्होंने भविष्य में भी परस्पर हितों के नए क्षेत्रों में सहयोग को और सुदृढ़ करने के लिए चर्चा की, साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक हितों से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान भी किया। दोनों नेताओं ने हाल ही में किए गए कनेक्टिविटी प्रयासों की सराहना की और आईएमईसी के अंतर्गत इन्हें और विस्तृत करने की संभावना पर भी चर्चा की।
दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि हाल में हुए उच्च स्तरीय दौरों का आदान-प्रदान रणनीतिक साझेदारी को नई गति दे रहा है और हाल में संपन्न भारत-ईयू एफटीए से दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के नए अवसर खुलेंगे।
यह प्रधानमंत्री मित्सोताकीस का दूसरा भारत दौरा था; इससे पहले उन्होंने फरवरी 2024 में भारत का राजकीय दौरा किया था, जो 15 वर्षों में ग्रीस के किसी सरकार प्रमुख का पहला भारत दौरा था। इससे पहले, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 25 अगस्त 2023 को एथेंस गए थे, जब द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर उठाया गया था।
***
पीके/केसी/पीके/एसएस