Ministry of Heavy Industries of the Republic of India

09/07/2026 | Press release | Distributed by Public on 09/07/2026 12:46

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज पणजी में गोवा पुलिस को प्रेसिडेंट्स कलर प्रदान किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज पणजी में गोवा पुलिस को प्रेसिडेंट्स कलर प्रदान किया

गोवा पुलिस को प्रेसिडेंट्स कलर मिलना 8 दशकों की उनकी सेवा-साहस को राष्ट्रीय सम्मान है

गोवा पुलिस ने लंबी तटरेखा की रक्षा का दायित्व कुशलतापूर्वक निभाते हुए पर्यटकों की सुरक्षा की है और अर्थव्यवस्था की मजबूती में अहम योगदान दिया है

आने वाले समय में 1930 हेल्पलाइन नंबर हर तरह के साइबर फ्रॉड से देश की सुरक्षा करने वाला सशक्त कवच बनेगी

गोवा पुलिस ने 1930 हेल्पलाइन के लिए जो AI-आधारित कॉल एजेंट शुरू किया है, वह आठवीं अनुसूची की सभी भाषाओं में शिकायत दर्ज कर, उसे उचित स्थान तक पहुँचाएगा

गोवा पुलिस की आपातकालीन सेवा हेल्पलाइन 112 में पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम 18 मिनट से घट कर सिर्फ 8 मिनट पहुँचा

नई न्याय संहिता में तकनीक, संवेदना, प्राथमिकता और त्वरित न्याय की क्षमता जैसे पहलू समाहित, यह पुलिसिंग का बड़ा अपग्रेडेशन

गोवा पुलिस नई न्याय संहिताओं के क्रियान्वयन में पूरे भारत में दूसरे स्थान पर, सभी नौ मानकों पर गोवा पुलिस का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा

मात्र एक वर्ष में गोवा पुलिस ने सजा दिलाने की दर में 30 प्रतिशत की वृद्धि की; यह 23% से बढ़कर 53% हुई

गृह मंत्री ने गोवा पुलिस के अमर शहीदों को स्मरण किया

'नशामुक्त भारत' बनाने के लिए 2026 से 2029 तक का रोडमैप तैयार, इस रोडमैप के तहत भारत को नारकोटिक्स से मुक्त बनाएंगे

गृह मंत्री ने विश्वास जताया कि गोवा पुलिस नारकोटिक्स नियंत्रण में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी
प्रविष्टि तिथि: 07 SEP 2026 7:19PM by PIB Delhi
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज गोवा की राजधानी पणजी में गोवा पुलिस को प्रेसिडेंट्स कलर प्रदान किया। इस अवसर पर गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, केन्द्रीय मंत्री नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्री श्रीपद येसो नाइक, केन्द्रीय गृह सचिव, गोवा के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि गोवा पुलिस को प्रेसिडेंट्स कलर प्रदान करना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आठ दशकों की गौरवशाली सेवा के बाद गोवा पुलिस आज राष्ट्रपति जी द्वारा दिए गए इस निशान के साथ देश के कई अन्य पुलिस बलों की कतार में खड़ी है। श्री शाह ने कहा कि जिन राज्यों की पुलिस को प्रेसिडेंट्स कलर प्रदान किया गया है, उन्हें उनके गौरवशाली इतिहास, पेशेवर उत्कृष्टता, साहस, अनुशासन और समर्पण के कारण ही यह सम्मान दिया गया है। उन्होंने कहा कि गोवा छोटा किंतु अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है। राज्य की रचना के साथ ही गोवा पुलिस को सुरक्षित शहर, सुरक्षित समुदाय और सुरक्षित समुद्री सीमा के दायित्व प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद गोवा पुलिस ने इन तीनों दायित्वों को सफलतापूर्वक निभाया और राष्ट्रीय सुरक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।



श्री अमित शाह ने कहा कि विकसित राष्ट्र की पहली शर्त है कि उसकी आंतरिक सुरक्षा और सीमाओं की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि गोवा को आंतरिक सुरक्षा के साथ-साथ सीमा सुरक्षा का दायित्व निभाने का भी गौरव प्राप्त है। गोवा की लंबी समुद्री सीमा की रक्षा का भार गोवा पुलिस के कंधों पर है। इस दायित्व को कुशलतापूर्वक निभाते हुए गोवा पुलिस ने पर्यटकों की सुरक्षा और मजबूत अर्थव्यवस्था में योगदान करने का उल्लेखनीय कार्य किया है।

इस अवसर पर गृह मंत्री ने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उन्होंने विशेष रूप से पुलिसकर्मियों बलराम शिंदे, अभिषेक शेर, शैलेश गांवकर और विश्वास बी. देयकर को नमन किया और कहा कि उनके समर्पण ने गोवा पुलिस को यह गौरव दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि वैश्विक कूटनीति में भारत की पहुँच दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। पिछले एक वर्ष में विश्व का कूटनीतिक परिदृश्य यूक्रेन-रूस युद्ध और फिर खाड़ी क्षेत्र में ईरान से जुड़े संघर्ष के कारण गंभीर उथल-पुथल से गुज़रा। ऐसे समय में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने एक वर्ष में 22 देशों की यात्रा की और लगभग 15 देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत आए। श्री शाह ने कहा कि जब पूरी दुनिया अस्थिरता के कारण अपने आर्थिक विकास को लेकर संघर्ष कर रही थी, तब भारत ने निरंतर संवाद और रणनीतिक साझेदारी के माध्यम से अपनी आर्थिक गति को बनाए रखा। रक्षा, तकनीक, ऊर्जा, निवेश और व्यापार, इन सभी क्षेत्रों में ठोस समझौते किए गए।

गृह मंत्री ने कहा कि 2026 तक भारत ने नौ मुक्त व्यापार समझौते संपन्न किए हैं। आज 38 देशों के साथ प्रभावी व्यापार व्यवस्था के रूप में ये समझौते स्थापित हो चुके हैं। संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रिया, ऑस्ट्रेलिया, यूनाइटेड किंगडम, ओमान, न्यूज़ीलैंड और यूरोपीय संघ के साथ किए गए समझौतों ने हमारे व्यापार को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि इस वर्ष की पहली तिमाही में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत की उल्लेखनीय ऊँचाई तक पहुँची। उन्होंने कहा कि भारत ने केवल आर्थिक वृद्धि ही नहीं की है। वैक्सीन मैत्री, डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धियों को विश्व के साथ साझा करना तथा आपदा राहत और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में अनेक देशों को सहायता देने जैसे कार्य भी भारत ने किए हैं।



श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत की कूटनीति आज विश्व मंच पर अपना स्पष्ट स्थान बना सकी है। विश्व की कोई भी बड़ी समस्या हो, अब यह देखा जाता है कि भारत के प्रधानमंत्री का उस पर क्या दृष्टिकोण है। लंबे अंतराल के बाद भारत को यह सम्मान दिलाने का काम मोदी जी ने किया है। श्री शाह ने कहा कि मोदी जी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प हम सबके सामने रखा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पहले अनेक विवादों का सामना करना पड़ा, लेकिन देखते-देखते यह 140 करोड़ भारतीयों के संकल्प में बदल गया है। उन्होंने कहा कि अब हर भारतीय को भरोसा है कि 15 अगस्त 2047 को हमारा राष्ट्र विश्व में हर क्षेत्र में सर्वप्रथम होगा।

केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार के साथ साइबर फ्रॉड का खतरा पूरी दुनिया महसूस कर रही है और भारत भी इससे अछूता नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने स्वयं इस चुनौती से निपटने के लिए सभी राज्यों के साथ सीधा संवाद शुरू किया है। आने वाले दिनों में 1930 हेल्पलाइन नंबर हर तरह के साइबर फ्रॉड और सभी क्षेत्रों में सुरक्षा का सशक्त कवच बनेगी। उन्होंने कहा कि गोवा पुलिस ने इस मामले में एक कदम आगे बढ़ाते हुए 1930 हेल्पलाइन के लिए एआई आधारित कॉल एजेंट शुरू किया है। इस कार्य में गोवा पुलिस देश के अन्य राज्यों से आगे है। उन्होंने कहा कि यह हेल्पलाइन कोंकणी, मराठी और हिंदी में शिकायत दर्ज करेगी। साथ ही, यह सेवा देश की अन्य भाषाओं में भी शिकायत दर्ज कर उसे उचित स्थान तक पहुंचाएगी। श्री शाह ने कहा कि गोवा में देश और दुनिया से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, इसलिए मुख्यमंत्री जी ने अपने विज़न का परिचय देते हुए इस एआई एजेंट को केवल कोंकणी और मराठी तक सीमित नहीं रखा, बल्कि संविधान की आठवीं अनुसूची की सभी भाषाओं को इसमें शामिल किया है। यह पर्यटकों के लिए भी एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम है।

श्री अमित शाह ने कहा कि गोवा पुलिस ने अपने गठन के बाद से ही हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि खेलों में उत्कृष्टता गोवा पुलिस की विशिष्ट पहचान रही है। 2029 में भारत में अंतरराष्ट्रीय पुलिस खेल महाकुंभ आयोजित होने वाला है। इस महाकुंभ में पुलिस और अग्निशमन सेवाओं के खेल भी शामिल होंगे। गृह मंत्री ने कहा कि वह गोवा पुलिस के सभी जवानों का आह्वान करते हैं कि वे इस आयोजन में भारत की पदक तालिका में पीछे न रहें। अभी से तैयारी कर बढ़-चढ़कर इसमें भाग लें। उन्होंने कहा कि गोवा पुलिस को फुटबॉल के साथ-साथ अन्य खेलों में बेहतर प्रदर्शन की तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गोवा की लंबी तटरेखा और यहाँ की 15 लाख से अधिक आबादी को देखते हुए पुलिस का चुस्त-दुरुस्त रहना अत्यंत आवश्यक है। खेल ऐसे सशक्त माध्यम हैं, जो पुलिस को शारीरिक रूप से सक्षम और सतर्क बनाए रख सकते हैं।

केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि आठ दशकों में शांति, सेवा और न्याय का आपका संकल्प और सूत्रवाक्य गोवा को सुरक्षित बनाने का काम करता रहा है। इसीलिए गोवा की जनता के साथ-साथ पूरे देश में गोवा पुलिस की सराहना होती रही है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवा 112 में पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम पहले 18 मिनट था, जो अब घट कर सिर्फ 8 मिनट रह गया है। उन्होंने कहा कि सेवा के क्षेत्र में यह बहुत बड़ा सुधार है। उन्होंने कहा कि लगभग 20,000 कॉल पर त्वरित सहायता दी गई है और विश्वास है कि वाहन तथा दोपहिया साधन जोड़ने पर यह समय 6 मिनट से भी कम हो जाएगा। श्री शाह ने कहा कि टूरिस्ट पुलिस विंग उन राज्यों के लिए आदर्श बन सकती है, जहाँ पर्यटन अधिक है।

श्री अमित शाह ने कहा कि संपूर्ण आपराधिक न्याय प्रणाली में बदलाव लाने के लिए तीन नई न्याय संहिताएँ लागू की गई हैं। इनमें तकनीक, संवेदना, प्राथमिकता और त्वरित न्याय की क्षमता जैसे पहलू समाहित हैं। यह पुलिसिंग का बड़ा अपग्रेडेशन है। जेल, एफएसएल, न्यायालय, अधिवक्ता, पुलिस थाना और अस्पताल - पूरी व्यवस्था को तकनीक से जोड़कर चलाना तथा उसी आधार पर न्याय दिलाना बहुत बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि गोवा पुलिस कई महीनों तक देशभर में नई न्याय संहिताओं के क्रियान्वयन में प्रथम रही है। वर्तमान में 93.38 प्रतिशत की प्रगति के साथ वह पूरे भारत में दूसरे स्थान पर है। सभी नौ मानकों पर गोवा पुलिस का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। श्री शाह ने कहा कि मात्र एक वर्ष में गोवा पुलिस ने सजा दिलाने की दर में 30 प्रतिशत की वृद्धि की है। पहले यह दर 23 प्रतिशत थी; अब 53 प्रतिशत एफआईआर में सजा दिलाई जा रही है, जो एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।

गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि आगामी दिनों में गृह मंत्रालय ने नशे के खिलाफ सुदृढ़ अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए वर्ष 2026 से 2029 तक का एक रोडमैप तैयार किया गया है। इस रोडमैप के अंतर्गत सभी संबंधित विभागों तथा सभी राज्य सरकारों को साथ लेकर भारत के गाँव-गाँव और शहर-शहर को नारकोटिक्स से मुक्त बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गोवा पुलिस नारकोटिक्स नियंत्रण में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी।

***

RK/RR/PR/PS


(रिलीज़ आईडी: 2307621) आगंतुक पटल : 173
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati
Ministry of Heavy Industries of the Republic of India published this content on September 07, 2026, and is solely responsible for the information contained herein. Distributed via Public Technologies (PUBT), unedited and unaltered, on September 07, 2026 at 18:46 UTC. If you believe the information included in the content is inaccurate or outdated and requires editing or removal, please contact us at [email protected]